Events and Activities Details
Event image

Artha Manthan: Policy Drafting Competition


Posted on 08/09/2025

महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा (जींद) में प्राचार्य डॉ. रणबीर सिंह जी की अध्यक्षता में अर्थशास्त्र विभाग द्वारा 8 सितंबर 2025 को “अर्थ-मंथन: नीति प्रारूप प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता महज शैक्षिक प्रतिस्पर्धा न होकर, छात्राओं के लिए समसामयिक आर्थिक मुद्दों की गहन समझ, मौलिक चिंतन और नीति-निर्माण की क्षमता को विस्तार देने वाला एक प्रेरक मंच सिद्ध हुई। प्रतियोगिता में 32 छात्राओं ने MSMEs, महिला सशक्तिकरण, बेरोजगारी, डिजिटलीकरण, सतत विकास आदि विषयों पर नीति-प्रस्ताव तैयार किए, जिन्हें अंग्रेज़ी विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री दीपक कुमार, भूगोल विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री प्रदीप कुमार तथा हिंदी विभाग के सहायक प्राध्यापक श्री संजय कुमार ने मूल्यांकित किया। प्रतिभागी छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विचारों में समस्या का विस्तृत विश्लेषण, समाधानपरक दृष्टिकोण और तार्किकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणबीर सिंह ने किया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्राचार्य जी ने कहा कि आज का विद्यार्थी जितना अधिक वैचारिक गहराई और रचनात्मकता के साथ कार्यक्रमों में भाग लेगा, उतना ही वह खुद को और समाज को बदलने का सक्षम माध्यम बन पाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को विविध विषयों पर गहनता से विमर्श करने, शोध के प्रति रुचि रखने और राष्ट्रीय शिक्षा नीति की भावना के अनुरूप नीतिगत अनुसंधान को जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष व आयोजनकर्ता डॉ. देवेंद्र ने कहा कि “अर्थ-मंथन” जैसी प्रतियोगिताएं छात्राओं में न केवल अकादमिक उत्कृष्टता लाती हैं, बल्कि उन्हें व्यवहारिक, विश्लेषणात्मक एवं नेतृत्व कौशल के लिए भी तैयार करती हैं। उन्होंने कहा, “हमारा ध्येय छात्राओं को मात्र सैद्धांतिक जानकारी प्रदान करना नहीं, बल्कि उनकी सोच को राष्ट्र-निर्माण की दिशा में आमूलचूल रूप से विकसित करना है।” इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा नेहा ने प्राप्त किया, दूसरा स्थान बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा नेहा ने प्राप्त किया, तीसरा स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा खुशी ने प्राप्त किया, चतुर्थ स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा मंजू ने प्राप्त किया, तथा पांचवां स्थान बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा शीतू ने प्राप्त किया। सभी विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विशेष उपलब्धि यह रही कि इन्हीं विजेता छात्राओं को “अर्थशास्त्र सोसाइटी” के पदाधिकारी के रूप में जिम्मेदारी भी दी गई, जिससे उन्हें नीति-निर्माण, आयोजन व नेतृत्व का सीधा अवसर मिलेगा। यह निर्णय छात्राओं को आगे बढ़ने, समाज में बदलाव लाने और नेतृत्व की भावना को मजबूती देने का मार्ग प्रशस्त करेगा। इस आयोजन ने महाविद्यालय परिसर में शोधपरकता, नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के नए प्रतिमान स्थापित किए हैं, जिससे शैक्षिक वातावरण और अधिक समृद्ध व प्रेरणादायक बना है।