| Events and Activities Details |
Nukkad natak
Posted on 14/03/2026
महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा में एंटी ड्रग अवेयरनेस सेल के अंतर्गत दिनांक 14 मार्च 2026 को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति समाज को जागरूक करने के उद्देश्य से एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुनीश कुमार के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ तथा इसका संयोजन डॉ. बबीता पवार, सहायक प्राध्यापिका (वाणिज्य) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं विशेषकर विद्यार्थियों को नशे जैसी सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें स्वस्थ और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज में फैल रही नशे की समस्या, उसके दुष्परिणाम तथा उससे बचाव के उपायों को बड़े ही प्रभावशाली और भावनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक में यह दर्शाया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है बल्कि परिवार और समाज की शांति एवं प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है।
छात्राओं ने अपने अभिनय, संवाद और संदेश के माध्यम से यह स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों की ओर अग्रसर होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” तथा “नशा मुक्त भारत – स्वस्थ भारत” जैसे प्रेरणादायक संदेश भी दिए गए, जिन्होंने उपस्थित सभी को गहराई से प्रभावित किया।
इस कार्यक्रम में कुल 32 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के स्टाफ सदस्य श्रीमती सुरक्षा, श्री संजीव टंडन, श्री ग्रीन कुमार ,श्री गोविंद, श्री अरुण कुमार तथा श्री प्रदीप कुमार (जूनियर लाइब्रेरियन) उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्तश्री अनुराग ( सुखसहायक) ,श्रीमती संतोष (सुखसहायक) ने भी कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. बबीता पवार ने छात्राओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और जागरूकता की भावना को विकसित करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए आगे आने तथा अपने आसपास के लोगों को भी इस दिशा में प्रेरित करने का संदेश दिया।
|