| Events and Activities Details |
Internship Seminar
Posted on 06/05/2026
एम.जे. राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा में आज इंटर्नशिप सेल एवं प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में “इंटर्नशिप” विषय पर एक महत्वपूर्ण सेमिनार का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुनीश कुमार के निर्देशन एवं डॉ. बबीता पवार (कॉलेज इंचार्ज) की अध्यक्षता में यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
इस सेमिनार का उद्देश्य छात्राओं को इंटर्नशिप के महत्व, लाभ एवं भविष्य में रोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक करना था।सेमिनार में महाविद्यालय की सभी छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य रही।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में श्री रमेश कुमार,प्रभारी प्लेसमेंट सेल ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं को संबोधित करते हुए इंटर्नशिप के महत्व, कौशल विकास एवं करियर निर्माण में इसकी भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इंटर्नशिप से न केवल व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है, बल्कि यह रोजगार के बेहतर अवसरों का मार्ग भी प्रशस्त करती है।
द्वितीय सत्र में श्री विजय साहरन, क्षेत्रिय समन्वयक, अगस्त्य इंटरनेशनल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए संस्था अगस्त्य इंटरनेशनल के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह संस्था देशभर में शिक्षा, विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में कार्य कर रही है तथा विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान, रचनात्मक सोच एवं कौशल विकास के लिए विभिन्न इंटर्नशिप अवसर प्रदान करती है। उन्होंने छात्राओं को इन अवसरों का लाभ उठाने एवं अपने करियर को सशक्त बनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर इंटर्नशिप सेल की समन्वयक श्रीमती रविंदर एवं प्लेसमेंट सेल के प्रभारी श्री रमेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम का सफल संचालन महाविद्यालय प्रशासन के मार्गदर्शन में किया गया।अंत में सभी छात्राओं को भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
|