| Events and Activities Details |
Speech Competition
Posted on 05/09/2025
महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा में राजनीति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में “भारतीय संविधान: न्याय, स्वतंत्रता एवं समानता” विषय पर महाविद्यालय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संविधान के मूलभूत सिद्धांतों से परिचित कराना, उनके भाषण कौशल और तार्किक अभिव्यक्ति क्षमता को निखारना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति संवेदनशील बनाना था। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक श्री रमेश कुमार ने महाविद्यालय प्राचार्य का स्वागत किया और प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ छात्राओं में आत्मविश्वास, सार्वजनिक मंच से बोलने की क्षमता एवं संवैधानिक जागरूकता को बढ़ाने का उत्कृष्ट माध्यम हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रणवीर यादव के अध्यक्षीय संबोधन से हुआ। उन्होंने छात्राओं को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों तथा समानता के सिद्धांत को आत्मसात करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनों का संकलन नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे सिद्धांत हमारे राष्ट्रीय जीवन की धुरी हैं, जिन्हें युवाओं को अपने जीवन में उतारना चाहिए।” उन्होंने छात्राओं को अपने विचार स्पष्ट, तार्किक और प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की प्रेरणा दी। इस प्रतियोगिता में 30 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “भारतीय संविधान में मौलिक अधिकार”, “धर्मनिरपेक्षता का महत्व”, “समानता का अधिकार”, “स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक संस्कृति”, “न्याय और सामाजिक समरसता” जैसे उपविषयों पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता का मूल्यांकन करने के लिए निर्णायक मंडल की भूमिका श्री संजय कुमार, सहायक प्राध्यापक, हिंदी विभाग,श्री ग्रीन कुमार, सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग और श्रीमती सुरक्षा, सहायक प्राध्यापिका, गणित विभाग द्वारा निभाई गई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छात्राओं में अभिव्यक्ति क्षमता और संविधान की समझ प्रशंसनीय है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को राजनीतिक शास्त्र विभाग द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रिया बी.ए. फाइनल , द्वितीय स्थान सीतु
बी.ए फाइनल, तृतीय स्थान मोनिका बी.ए प्रथम वर्ष
तथा खुशी नैंसी और काफी ने क्रमशः चतुर्थ ,पंचम और षष्ठ स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार वितरण के दौरान प्राचार्य डॉ. रणबीर यादव ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता केवल प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि आत्मविकास का अवसर है। कार्यक्रम में छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही और उन्होंने प्रतियोगिता का भरपूर आनंद उठाया। इस भाषण प्रतियोगिता ने छात्राओं में संवैधानिक मूल्यों, अभिव्यक्ति कौशल और लोकतांत्रिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान की।
|