| Events and Activities Details |
Legal Literacy and Human Rights Awareness Program Organized on Human Rights Day
Posted on 10/12/2025
महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा (जींद) में आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), जींद तथा हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार मानव अधिकार दिवस के उपलक्ष्य में विधिक साक्षरता एवं मानव अधिकार जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन राजनीतिक विज्ञान विभाग तथा लीगल लिटरेसी सेल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में मानव अधिकारों, मौलिक अधिकारों तथा मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराना था। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों पर आधारित प्रश्नोत्तरी (Quiz) का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की 22 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता में किरण बेदी ग्रुप की छात्रा रितु, प्रतिभा और मोनिका ने प्रथम स्थान , सानिया मिर्जा टीम की छात्रा प्रेरणा, अंजू और गार्गी की टीम ने द्वितीय स्थान तथा मैरी कॉम टीम की छात्रा अंजू, पूजा और अनु ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को विभाग द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर लीगल लिटरेसी सेल प्रभारी श्री रमेश कुमार, सहायक प्राध्यापक, राजनीतिक विज्ञान विभाग ने छात्राओं को मानव अधिकारों के महत्व, भारतीय संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों की उपयोगिता तथा उनके व्यवहारिक क्रियान्वयन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मानव अधिकारों के प्रति जागरूकता, एक सभ्य, सुरक्षित और समान समाज के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय प्राचार्या डॉ बबीता पवार ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में कानूनी ज्ञान और संवैधानिक चेतना विकसित करने में अत्यंत सहायक होते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लीगल लिटरेसी सेल, राजनीतिक विज्ञान विभाग तथा महाविद्यालय के स्टाफ सदस्यों श्रीमती रविंद्र, श्रीमती सुरक्षा, श्री ग्रीन कुमार , प्रीति, रेनू और श्री अनुराग का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया और कार्यक्रम को सफल बनाया।
|