| Events and Activities Details |
Students seminar
Posted on 13/03/2026
महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा (जींद) में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष सेमिनार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुनीश कुमार के निर्देशन में तथा कार्यकारी प्राचार्य श्रीमती बबीता पवार की अध्यक्षता में मेंटल हेल्थ अवेयरनेस सेल और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जागरूक करना तथा उन्हें तनावमुक्त और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में श्री ग्रीन कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने “Academic Stress and Time Management” विषय पर अपने विचार रखते हुए बताया कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में विद्यार्थियों पर पढ़ाई, परीक्षा तथा भविष्य को लेकर अनेक प्रकार के दबाव होते हैं, जिससे कई बार वे मानसिक तनाव का अनुभव करते हैं। उन्होंने छात्राओं को बताया कि यदि समय का सही ढंग से प्रबंधन किया जाए तो शैक्षणिक दबाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने छात्राओं को समय सारिणी बनाकर पढ़ाई करने, नियमित रूप से योग और ध्यान करने, पर्याप्त नींद लेने तथा सकारात्मक सोच बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करके उसी दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि परिवार, मित्रों और शिक्षकों के साथ संवाद बनाए रखना मानसिक तनाव को कम करने में सहायक होता है।
कार्यक्रम के दौरान मेंटल हेल्थ अवेयरनेस सेल की संयोजिका श्रीमती सुरक्षा ने मुख्य वक्ता का औपचारिक स्वागत किया तथा उनके प्रेरणादायक विचारों के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस अधिकारी द्वारा सभी अतिथियों, प्राध्यापकों तथा छात्राओं का धन्यवाद ज्ञापन किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं और उन्होंने इस सेमिनार से मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
|