Events and Activities Details
Event image

Quote writing and exhibition competition


Posted on 01/10/2025

महर्षि जमदग्नि राजकीय महिला महाविद्यालय, पिल्लू खेड़ा (जींद) में महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में राजनीति विज्ञान एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में कोट्स लेखन प्रतियोगिता व प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय प्राचार्य श्री रणबीर सिंह के मार्गदर्शन एवं कार्यकारी प्राचार्या डॉ. बबीता पवार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्री ग्रीन कुमार ने किया। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि महात्मा गांधी जी के जीवन व विचारों को समझना है तो उनके साहित्य का गहन अध्ययन करना आवश्यक है। गांधी जी के जीवन से यह सीख मिलती है कि सत्य व अहिंसा के मार्ग पर चलकर कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ता के साथ आगे बढ़ा जा सकता है। प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 20 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने अपने कोट्स व चित्रों के माध्यम से गांधी जी के व्यक्तिगत, सामाजिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, शैक्षणिक, राजनीतिक एवं महिला सशक्तिकरण से जुड़े विचारों को प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में कार्यकारी प्राचार्या डॉ. बबीता पवार, श्री रजत कुमार एवं श्री संजीव कुमार शामिल रहे। प्रतियोगिता में बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा सीतु ने प्रथम स्थान, बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा सोनम ने द्वितीय स्थान तथा बी.ए. द्वितीय वर्ष की छात्रा शिवानी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. रमेश कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जी का वास्तविक भारत, ग्रामीण भारत था। इसी कारण उन्होंने ग्राम स्वराज्य का विचार प्रस्तुत किया, जो आगे चलकर पंचायती राज की नींव बना। उन्होंने बताया कि गांधी जी ने भारतवासियों को आंदोलन करना और उसे सफलतापूर्वक संचालित करना सिखाया तथा कभी भी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।