Events and Activities Details
Event image

Nukkad Natak


Posted on 30/10/2025

महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा में एंटी ड्रग्स अवेयरनेस समिति के तत्वावधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत एक प्रेरणादायक नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. रणबीर सिंह यादव ने की तथा कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती बबीता पवार रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज के बीच नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना था। छात्राओं ने अत्यंत प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से यह संदेश दिया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नष्ट करता है बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्राओं ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपने जीवन को एक सकारात्मक दिशा देने का आह्वान किया। प्रस्तुति के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कलाकारों की प्रस्तुति की भरपूर सराहना की। अध्यक्षता कर रहे डॉ. रणवीर सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि नशा समाज की जड़ें कमजोर करता है, इसलिए युवाओं को ऐसे अभियानों में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं की प्रस्तुति की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक माध्यम सामाजिक परिवर्तन का सशक्त जरिया हैं। संयोजिका श्रीमती बबीता पवार ने बताया कि कॉलेज में ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत करना और उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करना है। कार्यक्रम में कॉलेज की शिक्षिकाओं एवं छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अंत में प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।