| Events and Activities Details |
Newspaper Reading Competition
Posted on 10/09/2025
महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा के अंग्रेज़ी विभाग द्वारा दिनांक 10 सितम्बर 2025 को समाचार-पत्र वाचन प्रतियोगिता का आयोजन अत्यन्त गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में दैनिक समाचार-पत्र-पठन की संस्कारपूर्ण प्रवृत्ति का संवर्धन करना, वाणी की शुद्धता तथा अभिव्यक्ति की स्पष्टता को सुदृढ़ करना एवं समसामयिक घटनाओं के प्रति उनकी सजगता को प्रबल करना था।
कार्यक्रम का शुभारम्भ प्राचार्य डॉ. रणबीर सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि समाचार-पत्र केवल समाचार का साधन नहीं, वरन् वह विचार-प्रशस्ति, आलोचनात्मक दृष्टि तथा ज्ञान-विस्तार का सशक्त साधन है।
प्रतियोगिता का निर्देशन अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष श्री दीपक कुमार ने किया। उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि समाचार वाचन भाषा और व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त साधना है जो विद्यार्थियों को शुद्ध उच्चारण, स्पष्ट अभिव्यक्ति और विचारों को दृढ़ता से प्रस्तुत करने के साथ साथ उनमें आत्मविश्वास का संचार करती है और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।
श्री प्रदीप कुमार, सहायक प्राध्यापक भूगोल; डॉ. देवेंद्र, सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र तथा श्री संजय कुमार, सहायक प्राध्यापक हिन्दी ने निर्णायक मण्डल की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों के उच्चारण, स्वर-संयम, आत्मविश्वास एवं प्रस्तुति-कौशल के आधार पर मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा रितु ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा खुशी ने प्राप्त किया, तृतीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा खुशी ने प्राप्त किया, चतुर्थ स्थान बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा विरल ने प्राप्त किया तथा पंचम स्थान बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा प्रतिभा ने प्राप्त किया।
यह प्रतियोगिता मात्र एक आयोजन भर नहीं थी, बल्कि ग्रामीण बालिकाओं को शिक्षा के माध्यम से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। जिन क्षेत्रों में संसाधनों की उपलब्धता प्रायः सीमित होती है, वहाँ ऐसी पहल आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आलोचनात्मक चिंतन जैसी 21वीं सदी की आवश्यक कुशलताओं को विकसित करती हैं। समाचार पत्रों से युवा छात्राओं को जोड़कर इस कार्यक्रम ने कक्षा और समाज के बीच की दूरी को कम किया, जिससे वे जागरूक नागरिक और अपनी समुदाय की सशक्त अभिव्यक्त आवाज़ के रूप में उभरने के लिए प्रेरित हुईं।
विजेताओं को इंग्लिश विषय सोसाइटी के प्रतिनिधि रूप में मनोनीत किया गया, जिससे वे महाविद्यालय की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन कर सकें।
समापन अवसर पर यह अनुभव किया गया कि यह प्रतियोगिता न केवल वाचन-कौशल का विकास करती है, बल्कि छात्राओं के मन में ज्ञान के प्रति अनुराग, समाजबोध तथा प्रखर अभिव्यक्ति की भावना का भी अभिवर्धन करती है।
|