Events and Activities Details
Event image

Speech Competition


Posted on 12/09/2025

महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा (जींद) में 12 सितम्बर, 2025 को प्राचार्य डॉ. रणबीर सिंह जी की अध्यक्षता में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन बड़े उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रभावशाली वक्तव्य प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. रणबीर सिंह के द्वारा किया गया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि हिंदी केवल हमारी मातृभाषा ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का आधार भी है। हिंदी विभागाध्यक्ष श्री संजय कुमार जी ने बताया कि इस भाषण प्रतियोगिता में महाविद्यालय की 43 छात्राओ ने निम्नलिखित विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए: 1. हिंदी – हमारी मातृभाषा, हमारी पहचान 2. हिंदी और सोशल मीडिया 3. हिंदी भाषा और रोजगार के अवसर 4. हिंदी: सिर्फ़ भाषा नहीं, भावों का सेतु प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने हिंदी के ऐतिहासिक, सामाजिक, शैक्षिक तथा व्यावसायिक पक्षों पर सारगर्भित विचार व्यक्त किए। कुछ वक्ताओं ने हिंदी को मातृभाषा एवं राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक बताया, तो कुछ ने सोशल मीडिया के माध्यम से हिंदी के वैश्विक प्रसार पर प्रकाश डाला। वहीं कई वक्ताओं ने हिंदी भाषा में उपलब्ध रोजगार संभावनाओं की चर्चा करते हुए इसे युवाओं के लिए करियर का साधन बताया। प्रतिभागियों ने यह भी कहा कि हिंदी केवल भाषा ही नहीं, बल्कि भावों को जोड़ने वाला सांस्कृतिक सेतु है। निर्णायक मंडल की भूमिका श्री दीपक कुमार सहायक प्राध्यापक अंग्रेजी, श्री प्रदीप कुमार सहायक प्राध्यापक भूगोल, डॉ. देवेन्द्र सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र ने निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुति, अभिव्यक्ति, भाषा-शुद्धता और आत्मविश्वास के आधार पर परिणाम घोषित किए। स्नातक प्रथम वर्ष की छात्रा नेहा ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान, स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा खुशी ने द्वितीय स्थान तथा स्नातक तृतीय वर्ष की छात्रा प्रतिभा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता छात्राओं को हिंदी विभागाध्यक्ष द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अंत में प्राचार्य डॉ रणबीर सिंह ने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। इस सुअवसर पर संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार जी ने सभी छात्राओं को हिंदी दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी और भविष्य में भी इस प्रकार की प्रतियोगिता में प्रतिभागिता करने के लिए प्रेरित किया। हिंदी दिवस पर आयोजित यह भाषण प्रतियोगिता विद्यार्थियों में भाषाई गर्व और सांस्कृतिक चेतना जगाने वाला प्रेरक आयोजन सिद्ध हुआ।