| Events and Activities Details |
Seminar and Awareness Program
Posted on 27/02/2026
महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा ( जींद) के एंटी ड्रग अवेयरनेस सेल के तत्वावधान में “नशे की रोकथाम “ विषय पर एक दिवसीय सेमिनार व जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य मुनीश कुमार जी के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संयोजन डॉ बबीता पवार , सहायक प्राध्यापिका , वाणिज्य द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा । मुख्य वक्ता के रूप में श्री ग्रीन कुमार जी ने शिरकत की । उन्होंने अपने विस्तृत एवं प्रभावशाली व्याख्यान में बताया कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके पारिवारिक, सामाजिक एवं आर्थिक जीवन को भी प्रभावित करता है। उन्होंने मादक पदार्थों के प्रकार, उनके शरीर पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, मानसिक अवसाद, अपराध प्रवृत्ति तथा शैक्षणिक गिरावट जैसे गंभीर परिणामों पर प्रकाश डाला।उन्होंने यह भी बताया कि युवाओं में नशे की शुरुआत अक्सर जिज्ञासा, साथियों के दबाव (Peer Pressure) तथा तनाव के कारण होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, खेल-कूद, योग, ध्यान तथा रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा विकसित करने का संदेश दिया और कहा कि “नशा मुक्त भारत” का सपना तभी साकार होगा जब युवा वर्ग जागरूक एवं दृढ़ संकल्पित होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थान केवल ज्ञान प्रदान करने का केंद्र नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण का भी माध्यम हैं।इस कार्यक्रम में महाविद्यालय की 38 छात्राओं ने भागीदारी दी।अध्यक्षता करते हुए डॉ. बबीता पवार ने कहा कि महाविद्यालय समय-समय पर इस प्रकार की जागरूकता गतिविधियों का आयोजन करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे नशे के विरुद्ध जन-जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएँ।
कार्यक्रम में स्टाफ सदस्य डॉ संदीप कुमार , श्री रजत कुमार , श्री संजीव कुमार तथा श्रीमती सुरक्षा की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन की व्यवस्थाओं में सहायक स्टाफ श्री अनुराग , श्रीमती रेणु एवं कुमारी पूजा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
सेमिनार के अंत में विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति से संबंधित विभिन्न जिज्ञासाएँ प्रस्तुत कीं। मुख्य वक्ता ने उनके प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर देकर उन्हें सही मार्गदर्शन प्रदान किया। अंत में सभी विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्त रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ ली।
“नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” के प्रेरणादायक नारे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह सेमिनार विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करने में सफल रहा ।
अंत में कार्यक्रम की संयोजिका डॉ बबीता पवार जी द्वारा मुख्य वक्ता व उपस्थित सभी स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद किया ।
|