Events and Activities Details
Event image

Educational Tour


Posted on 05/02/2026

महर्षि जमदग्नि राजकीय कन्या महाविद्यालय, पिल्लूखेड़ा (जींद) के उद्यमिता विकास क्लब (Entrepreneurship Development Club) एवं प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 30 जनवरी 2026 को छात्राओं के लिए एक विस्तारित शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह शैक्षणिक भ्रमण राष्ट्रीय डेयरी अनुसंधान संस्थान (NDRI), करनाल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुनीष कुमार के कुशल निर्देशन एवं महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्या श्रीमती बाबिता पवार के कुशल नेतृत्व, प्रेरणादायी मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। उनके मार्गदर्शन में महाविद्यालय द्वारा छात्राओं के अनुभवात्मक, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षण को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य श्री मुनीष कुमार जी ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण छात्राओं में आत्मनिर्भरता, उद्यमशील सोच एवं व्यावसायिक दक्षताओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम अधिकारी श्री रमेश कुमार ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को डेयरी उद्योग, कृषि आधारित उद्यमिता, अनुसंधान एवं नवाचार, स्टार्ट-अप अवसरों तथा कैरियर संभावनाओं से अवगत कराना था। भ्रमण के दौरान NDRI के विशेषज्ञों द्वारा छात्राओं को डेयरी प्रबंधन, प्रसंस्करण तकनीक, गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन एवं अनुसंधान गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। छात्राओं ने प्रयोगशालाओं, इकाइयों एवं विभिन्न विभागों का अवलोकन कर प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। इस भ्रमण में महाविद्यालय की कुल 35 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम प्रभारी श्री रमेश कुमार, सहायक प्राध्यापक के नेतृत्व में श्रीमती रविंद्र, सहायक प्राध्यापिका गणित एवं श्रीमती रेणु ने भ्रमण के दौरान छात्राओं की सुरक्षा, अनुशासन एवं समुचित मार्गदर्शन सुनिश्चित किया। महाविद्यालय प्रशासन द्वारा इस प्रकार की शैक्षणिक गतिविधियों को नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप बताते हुए छात्राओं के समग्र विकास, कौशल संवर्धन एवं रोजगार क्षमता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया। छात्राओं ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अत्यंत ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उपयोगी अनुभव बताया।